सूरजपुर

खाद्य आयोग अध्यक्ष संदीप शर्मा का सूरजपुर दौरा, निरीक्षण में अनियमितताओं पर सख्ती
29-Apr-2026 9:42 PM
खाद्य आयोग अध्यक्ष संदीप शर्मा का सूरजपुर दौरा, निरीक्षण में अनियमितताओं पर सख्ती

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 29 अप्रैल। छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष  संदीप शर्मा ने बुधवार को सूरजपुर जिले के प्रवास के दौरान सार्वजनिक वितरण प्रणाली, पूरक पोषण आहार, मध्यान्ह भोजन योजना तथा आश्रम-छात्रावासों की भोजन व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक से पहले आयोग के दल ने जिले की उचित मूल्य दुकानों, आंगनबाड़ी केंद्रों और आश्रमों का औचक निरीक्षण कर जमीनी हकीकत परखी।

निरीक्षण के दौरान कई जगहों पर अनियमितताएं सामने आने पर अध्यक्ष ने कड़ी नाराजगी जताई और जिम्मेदारों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

उचित मूल्य दुकानों में गड़बडिय़ां उजागर

भैयाथान, ओडगी और सूरजपुर विकासखंड के अंतर्गत कई उचित मूल्य दुकानों की जांच में चावल की गुणवत्ता संदिग्ध पाई गई। ओडगी की दो दुकानों और अन्य दो दुकानों में लिए गए नमूनों की जांच के निर्देश दिए गए।

ओडगी में बड़ी अनियमितता

ओडगी नगर की दुकान में करीब 400 बोरा चावल अतिरिक्त पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि हितग्राहियों से तीन माह के चावल के लिए अंगूठा लगवाकर केवल एक माह का ही वितरण किया जा रहा था। इस पर अध्यक्ष ने सख्त रुख अपनाते हुए संचालक एजेंसी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई और शेष चावल तत्काल वितरित करने के निर्देश दिए।

अध्यक्ष ने सभी उचित मूल्य दुकानों को समय पर खोलने, आवश्यक जानकारी प्रदर्शित करने और गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 28 ऑफलाइन दुकानों के नियमित निरीक्षण तथा 3 पहुंचविहीन दुकानों तक सडक़-पुल निर्माण कर उन्हें सुचारु बनाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही अप्रैल से जून तक का तीन माह का चावल एकमुश्त वितरण सुनिश्चित करने और 42 हजार लंबित ई-केवाईसी जल्द पूर्ण करने पर जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान ओडगी के आंगनबाड़ी केंद्र खर्रा में 5 बच्चों की वास्तविक उपस्थिति के बावजूद पोषण ट्रैकर में 20 बच्चों की उपस्थिति दर्ज पाई गई। इस पर अध्यक्ष ने नाराजगी जताते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई और नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए। केंद्रों में बिजली, आवश्यक सामग्री, प्रेशर कुकर उपलब्ध कराने और शिकायत नंबर प्रदर्शित करने को भी कहा गया।उन्होंने सभी स्कूलों में मध्यान्ह भोजन की निर्धारित मात्रा प्रदर्शित करने और सही क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आश्रम-छात्रावासों में दोनों समय दाल अनिवार्य करने, भोजन की मात्रा प्रदर्शित करने और छात्रों को लंच बॉक्स उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

आश्रमों का औचक निरीक्षण

बैजनाथपुर बालक आश्रम और ओडगी कन्या आश्रम के निरीक्षण में साफ-सफाई और स्टॉक रजिस्टर अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।बाद में उन्होंने जिला मुख्यालय में समीक्षा बैठक भी ली जिसमें कलेक्टर सीईओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट