सूरजपुर
सूरजपुर, 28 अप्रैल। नगर पालिका सूरजपुर को नया मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) मिल गया है। मनीष कुमार ने मंगलवार को नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर विधिवत रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। उनके पदभार संभालने के साथ ही नगर पालिका के प्रशासनिक कार्यों में नई गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार मनीष कुमार इससे पूर्व राजिम नगर पंचायत में मुख्य नगरपालिका अधिकारी के पद पर पदस्थ थे। वहीं सूरजपुर नगर पालिका में पिछले दो वर्षों से अधिक समय से पदस्थ रहे सीएमओ प्रभाकर शुक्ला को शासन द्वारा उनके मूल पद पर वापस भेज दिया गया है। नए आदेश के तहत प्रभाकर शुक्ला को नगर निगम अंबिकापुर में राजस्व उपनिरीक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है।
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा 17 अप्रैल 2026 को प्रदेश के 37 अधिकारी-कर्मचारियों का तबादला कर नई पदस्थापना की गई थी। इसी आदेश के तहत मनीष कुमार को सूरजपुर नगर पालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी के पद पर नियुक्त किया गया है।


