सूरजपुर
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने दिया समर्थन, समय पर भुगतान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 27 अप्रैल। गन्ना किसानों और मजदूरों के बकाया भुगतान को लेकर सूरजपुर जिले के शक्कर कारखाना केरता में विवाद गहराता जा रहा है। प्रबंधन पर भुगतान में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सोमवार को सैकड़ों किसानों और मजदूरों ने कारखाने में तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उन्होंने कई बार शांतिपूर्ण तरीके से प्रबंधन से बकाया भुगतान करने की मांग की, लेकिन उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया। इससे नाराज होकर किसानों और मजदूरों को तालाबंदी जैसा कदम उठाना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान कारखाने के मुख्य द्वार पर नारेबाजी की गई और जल्द भुगतान की मांग की गई।
प्रदर्शन को समर्थन देने जिला कांग्रेस कमेटी सूरजपुर की अध्यक्ष शशि सिंह भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों और मजदूरों का शोषण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान और मजदूर इस कारखाने की रीढ़ हैं और उनका बकाया भुगतान रोकना उनके अधिकारों का हनन है।
शशि सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर किसानों और मजदूरों का बकाया भुगतान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों द्वारा प्रबंधन को किसानों की मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा गया।
प्रदर्शन के दौरान विमलेश तिवारी, विद्यासागर सिंह, अनिल गुप्ता, सुरेश आयाम, त्रिभुवन सिंह, नवीन जायसवाल, डी. राम, रोहन राजवाड़े, बबीता गुप्ता, सतवंत सिंह, अविनाश साहू, लिवनेश सिंह, दिनेश राजवाड़े, गोल्डी खान और सुरेश सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान, मजदूर और ग्रामीण उपस्थित रहे।