सूरजपुर

एसईसीएल की सीएसआर पहल, शिक्षा, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा
25-Apr-2026 4:21 PM
एसईसीएल की सीएसआर पहल, शिक्षा, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 25 अप्रैल। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के विश्रामपुर क्षेत्र ने अपने निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत जिले में जनहित के कई महत्वपूर्ण कार्यों के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया है। इन पहलों के माध्यम से शिक्षा, ग्रामीण विकास और स्वास्थ्य सेवाओं में स्थानीय समुदाय को सीधा लाभ मिलेगा।

प्राथमिक शिक्षा को बढ़ावा

शिक्षा के क्षेत्र में आमगाँव में प्राथमिक विद्यालय भवन निर्माण के लिए 15.79 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस संबंध में जिला प्रशासन सूरजपुर और एसईसीएल विश्रामपुर के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) भी संपन्न हुआ है। परियोजना पूर्ण होने पर करीब 149 विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।

इसके साथ ही

ग्राम पंचायत बिरपुर में मुख्य मार्ग पर बारामिल के पास वेटिंग शेड (प्रतीक्षालय) निर्माण के लिए 4.99 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इससे लगभग 550 ग्रामीणों और यात्रियों को आवागमन के दौरान सुविधा मिलेगी। वहीं स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग के तौर पर

स्वास्थ्य क्षेत्र में एसईसीएल विश्रामपुर जिला प्रशासन के ‘टी.बी. मुक्त अभियान’ में सहयोग कर रहा है। इसके तहत सूरजपुर और रामानुजनगर ब्लॉक के 65 चिन्हित टीबी मरीजों को अतिरिक्त पोषण हेतु ‘फूड बास्केट’ उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उनके स्वास्थ्य में सुधार और शीघ्र स्वस्थ होने में मदद मिलेगी।

एसईसीएल द्वारा इन सभी योजनाओं के लिए सीएसआर मद से वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। कंपनी का उद्देश्य खनन क्षेत्र के आसपास रहने वाले लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना और उन्हें आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।


अन्य पोस्ट