सूरजपुर
सूरजपुर, 24 अप्रैल। जिले में पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई देखने को मिली है। एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने साइबर सेल प्रभारी एएसआई राकेश यादव सहित सेल के अन्य कर्मचारियों—प्रधान आरक्षक आनंद सिंह, उदय सिंह तथा आरक्षक महेंद्र, अभय तिवारी और विकास पटेल को लाइन हाजिर कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, अप्रैल के शुरुआती सप्ताह (4-5 अप्रैल) में कुमेली घाट क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जुआ संचालन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग खुलेआम जुआ खेलते नजर आए थे। इस घटना के बाद पुलिस विभाग की काफी किरकिरी हुई थी। इस मामले में पहले ही 6 अप्रैल को एसएसपी द्वारा रामानुजनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अलरिक लकड़ा और एमटी चालक आरक्षक पंकज सिंह को निलंबित किया जा चुका है। अब करीब पखवाड़े भर बाद साइबर सेल स्टाफ पर भी कार्रवाई की गई है।बताया जा रहा है कि लाइन हाजिर किए गए कर्मचारियों की भूमिका की जांच की जा रही है और जांच प्रभावित न हो, इसलिए यह कदम उठाया गया है।
वहीं, साइबर सेल का प्रभार निरीक्षक जावेद मियांदाद को सौंपा गया है, जो वर्तमान में डीसीबी, डीसीआरबी और कंट्रोल रूम के साथ अतिरिक्त जिम्मेदारी संभालेंगे।


