सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 23 अप्रैल। जिला स्तरीय मुख्यमंत्री शिक्षा अलंकरण समारोह में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों के समर्पण से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास और एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की आधारशिला है और इसे मजबूत बनाने में शिक्षकों की भूमिका सबसे अहम है।
मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि शिक्षक नवाचार और लगन के साथ कार्य करते हुए विद्यार्थियों को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन शिक्षकों के मनोबल को बढ़ाते हैं और बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में विधायक भूलन सिंह मरावी ने भी शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में सीमित संसाधनों के बावजूद शिक्षक उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे बच्चों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि नैतिक शिक्षा, अनुशासन और जीवन कौशल से भी जोड़ें, ताकि वे जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
जिला शिक्षा अधिकारी ने अपने संबोधन में जिले में शिक्षा के क्षेत्र में हो रही प्रगति पर प्रकाश डालते हुए बताया कि शिक्षकों के निरंतर प्रयासों और प्रशासन के मार्गदर्शन से शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार हो रहा है। उन्होंने नवाचार, नियमित मूल्यांकन और सह-शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के समग्र विकास पर जोर दिया।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गूंज के साथ शिक्षकों का उत्साहवर्धन किया।
अंत में सहायक संचालक रविंद्र सिंह देव ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कई गणमान्य अतिथि, शिक्षाविद्, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।


