सूरजपुर

4 माह से भुगतान लंबित: 27 को मां महामाया शक्कर कारखाना के घेराव व तालाबंदी की चेतावनी
23-Apr-2026 11:08 PM
4 माह से भुगतान लंबित: 27 को मां महामाया शक्कर कारखाना के घेराव व तालाबंदी की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

प्रतापपुर, 23 अप्रैल। प्रतापपुर विकासखंड में गन्ना किसानों और मजदूरों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। चार माह से बकाया भुगतान नहीं मिलने से नाराज किसानों और श्रमिकों ने 27 अप्रैल को मां महामाया शक्कर कारखाना के घेराव और तालाबंदी की चेतावनी दी है।

इस संबंध में जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक 11 सुरेश कुमार आयाम के नेतृत्व में किसानों और मजदूरों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), प्रतापपुर के माध्यम से कलेक्टर, जिला सूरजपुर को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि गन्ना किसानों एवं कारखाने में कार्यरत मजदूरों का भुगतान पिछले चार महीनों से लंबित है, जिससे वे गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।

ज्ञापन के अनुसार, 8 अप्रैल 2026 को भी शासन-प्रशासन को आवेदन देकर 15 दिनों के भीतर भुगतान कराने की मांग की गई थी। साथ ही यह मांग भी रखी गई थी कि कारखाने में गन्ना किसानों द्वारा मनोनीत अध्यक्ष का निर्वाचन कराया जाए, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान हो सके।

लेकिन निर्धारित समय सीमा बीतने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से किसानों और मजदूरों में भारी असंतोष व्याप्त है।

ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि 27 अप्रैल तक भुगतान नहीं किया गया, तो किसान और मजदूर मां महामाया शक्कर कारखाना का घेराव कर तालाबंदी करेंगे।

ज्ञापन सौंपने के दौरान नवीन जायसवाल, त्रिभुवन सिंह, मासूम इराकी, ललित पैकरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि तत्काल भुगतान जरूरी है।

किसानों का कहना है कि वे कर्ज लेकर फसल तैयार करते हैं, लेकिन भुगतान नहीं मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है। वहीं मजदूरों के सामने रोजमर्रा के खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है। इस पूरे मामले ने प्रशासन के सामने गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है। यदि समय रहते समाधान नहीं निकाला गया, तो 27 अप्रैल को होने वाला आंदोलन बड़ा रूप ले सकता है।


अन्य पोस्ट