सूरजपुर

आधी रात नवाटोला बॉर्डर पहुंचे एसएसपी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
18-Apr-2026 9:53 PM
आधी रात नवाटोला बॉर्डर पहुंचे एसएसपी, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

सूरजपुर, 18 अप्रैल। छत्तीसगढ़-मध्यप्रदेश अंतरराज्यीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने 17-18 अप्रैल की दरम्यानी रात नवाटोला चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों की सतर्कता परखी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने जवानों को 24 घंटे मुस्तैद रहने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और संदिग्ध वाहनों की सघन जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमा पार कर अपराध करने वाले तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जाए और उनकी पहचान कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही अवैध नशीले पदार्थों, शराब एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान एसडीओपी ओडग़ी राजेश जोशी भी उपस्थित रहे।नवाटोला चेकपोस्ट के बाद एसएसपी ने  चांदनी थाना का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। यहां अभिलेख, मालखाना, हवालात और सीसीटीएनएस सिस्टम की स्थिति का जायजा लिया। एसएसपी ने थाना प्रभारी को पड़ोसी राज्य की पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए ।

निरीक्षण के दौरान लंबित अपराध, शिकायतों, वारंट और समन की तामील की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। थाना प्रभारी को सभी लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण, समन-वारंट की समय पर तामीली और रात्रि गश्त को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

साथ ही हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी, वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी, तथा महिला, बाल अपराध और साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

एसएसपी ने चेकपोस्ट और थाना परिसर में तैनात जवानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने बैरक, आवास, पेयजल और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली तथा समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही पुलिसकर्मियों को अनुशासन, समयपालन और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए ड्यूटी में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।


अन्य पोस्ट