सूरजपुर

हाथी ने बाइक सवार को पटककर मार डाला, दो दिन में दो मौत
17-Apr-2026 10:57 PM
हाथी ने बाइक सवार को पटककर मार डाला, दो दिन में दो मौत

सूरजपुर, 17 अप्रैल। सूरजपुर जिले में हाथी-मानव संघर्ष लगातार बढ़ता जा रहा है। दो दिनों के भीतर हाथी के हमले से दो लोगों की मौत हो गई है, जिससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।

ताजा घटना गुरुवार 16 अप्रैल की है। अंबिकापुर से सब्जी बेचकर बाइक से घर लौट रहे अखोराकला घाघी टीकरा निवासी सोहन सिंह पिता जगरनाथ सिंह का घाघी जंगल में हाथी से सामना हो गया। अचानक सामने आए हाथी को देखकर वह घबरा गया और सीधे उसके करीब पहुंच गया। हाथी ने उसे पटककर पैर से कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान हाथी ने उसकी बाइक को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना शाम करीब 4 से 4.30 बजे के बीच की बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और लटोरी पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद मर्ग कायम किया गया है।गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले 15 अप्रैल को कल्याणपुर के कोटबहरा निवासी केशव भोई की भी हाथी के हमले में मौत हो गई थी। वह मजदूरी कर अपने साथी को छोडऩे जा रहा था, तभी जंगल में हाथी ने उसे पैर से रौंद दिया। इस घटना में बाइक पर सवार एक महिला किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही।

लगातार हो रही घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने केशव भोई के शव को बनारस मार्ग पर रखकर करीब डेढ़ घंटे तक चक्काजाम कर प्रदर्शन किया था। प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी के बाद एसडीएम और वन विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मृतक परिजनों को 50 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि और पत्नी को अस्थायी नौकरी देने का आश्वासन दिया, तब जाकर ग्रामीण शांत हुए।

दो दिनों में दो मौतों के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की निगरानी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।


अन्य पोस्ट