सूरजपुर
76 सडक़ों का भूमिपूजन, 314.64 किमी सडक़ निर्माण पर 273.62 करोड़ होंगे खर्च
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 17 अप्रैल। प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना (फेज-4) के तहत जिले में ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से 76 सडक़ों के निर्माण का भूमिपूजन एवं शुभारंभ कार्यक्रम तिलसीवां स्थित ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जशपुर से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए और एक साथ सभी सडक़ों का भूमिपूजन किया।
कार्यक्रम में वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैकरा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, उपाध्यक्ष रेखालाल रजवाड़े, विभिन्न जनपद अध्यक्ष, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
योजना के तहत जिले में कुल 76 सडक़ों का निर्माण किया जाएगा, जिनकी कुल लंबाई 314.64 किलोमीटर और लागत 27,362.31 लाख रुपये (करीब 273.62 करोड़ रुपये) है। यह परियोजना जिले के विभिन्न विकासखंडों में ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सडक़ संपर्क प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना देश के विकास में अहम भूमिका निभा रही है। गांव-गांव तक सडक़ों का विस्तार होने से विकास की गति तेज हुई है। उन्होंने कहा कि जब तक गांवों का समुचित विकास नहीं होगा, तब तक राज्य और देश का समग्र विकास संभव नहीं है।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि योजना के माध्यम से गांवों तक सडक़ के साथ-साथ पीएम जनमन योजना के जरिए विशेष पिछड़ी जनजातियों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। अटल डिजिटल सुविधा केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को उनके गांवों में ही शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्य अतिथि रामसेवक पैकरा ने इसे जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि सडक़ों के निर्माण से आवागमन सुगम होगा और लोगों की स्वास्थ्य, शिक्षा एवं प्रशासन तक पहुंच आसान होगी। विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि इन सडक़ों का निर्माण ग्रामीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और किसानों सहित आमजन को इसका सीधा लाभ मिलेगा।


