सूरजपुर

पार्वती शिक्षा महाविद्यालय में मनाई डॉ. अंबेडकर जयंती, विविध कार्यक्रम
17-Apr-2026 10:52 PM
पार्वती शिक्षा महाविद्यालय में मनाई डॉ. अंबेडकर जयंती, विविध कार्यक्रम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

विश्रामपुर, 17 अप्रैल। पार्वती इंस्टिट्यूट ऑफ़ ट्रेंनिंग रिसर्च एंड मैनेजमेंट शिक्षा महाविद्यालय, मदनपुर (सिलफिली), जिला सूरजपुर में बुधवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर बी.एड. प्रशिक्षार्थियों द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ की गई।

इसके पश्चात प्रशिक्षार्थियों द्वारा महाविद्यालय परिसर की साफ-सफाई की गई तथा अंबेडकर जी के जीवन एवं उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के दौरान उनके जीवन से संबंधित एक लघु नाटिका की भी प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. छविरानी मंडल ने अपने संबोधन में अंबेडकर जी के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण घटनाओं का उल्लेख करते हुए देश के लिए उनके योगदान को रेखांकित किया। सहायक प्राध्यापक जयमाला सिंह ने नारी सशक्तिकरण, महिलाओं के सम्मान, समानता एवं स्वतंत्रता के विषय पर विचार रखते हुए इन क्षेत्रों में अंबेडकर जी के योगदान को बताया।

इसी क्रम में सहायक प्राध्यापक संतोष कुमार रानाड़े ने अंबेडकर जी के जीवन एवं उनके कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए छुआछूत, असमानता और जातिगत भेदभाव को समाप्त करने तथा आधुनिक भारतीय समाज के निर्माण में उनके योगदान को रेखांकित किया। कार्यक्रम में प्रशिक्षार्थियों द्वारा भाषण एवं कविता प्रस्तुतियां भी दी गईं।

इस अवसर पर संस्था के सहायक प्राध्यापक प्रीति सोनी, अरुण कुमार दुबे, अपराजिता कैवर्त्य, निशा गुप्ता, सुनीता राज, निशा सरकार सहित सभी प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट