सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर,16 अप्रैल। नगर पंचायत शिवनंदनपुर आम निर्वाचन 2026 के तहत 01 अप्रैल 2026 की स्थिति में तैयार मतदाता नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन नगर पंचायत के सभी 15 वार्डों के मतदान केंद्रों में कर दिया गया है। यह प्रक्रिया छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग, रायपुर के निर्देशानुसार की गई है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन), जिला सूरजपुर ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोडऩे, नाम हटाने या त्रुटि सुधार के लिए 20 अप्रैल तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।
उन्होंने नगर पंचायत शिवनंदनपुर के नागरिकों, मतदाताओं एवं गणमान्य व्यक्तियों से अपील की है कि वे अपने-अपने वार्ड के मतदान केंद्रों, नगरीय निकाय कार्यालयों, संबंधित तहसील कार्यालयों एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कार्यालय में उपलब्ध मतदाता सूची का सावधानीपूर्वक अवलोकन करें। साथ ही यह सुनिश्चित करें कि उनके एवं उनके परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम सही रूप से सूची में दर्ज हैं।
किसी भी प्रकार की त्रुटि पाए जाने पर नागरिक नगर पंचायत में नियुक्त अधिकृत कर्मचारी के समक्ष निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
मतदाता सूची में नाम जोडऩे, हटाने एवं संशोधन से संबंधित कार्य 20 अप्रैल 2026, अपराह्न 3 बजे तक किया जाएगा। वहीं नए मतदाता का नाम जोडऩे की अंतिम तिथि 24 अप्रैल निर्धारित की गई है। इसके बाद प्राप्त दावे या आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि वे जागरूक मतदाता बनें और अपने परिवार, मित्रों एवं पड़ोसियों को भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें, ताकि सूची पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित बनाई जा सके।