सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 13 अप्रैल। अंबिकापुर-दुर्ग एक्सप्रेस (18242/18241) इन दिनों चोरों और असामाजिक तत्वों के निशाने पर है। यात्रियों की सुविधा के लिए हाल ही में आधुनिक एलएचबी कोच से अपग्रेड की गई इस ट्रेन के कोचों को बदमाश लगातार नुकसान पहुंचा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन के कई डिब्बों की खिड़कियों में लगे ग्रिल को तोड़ा या टेढ़ा कर दिया गया है। वहीं बायो टॉयलेट और बेसिन में लगे नल भी खोलकर चोरी किए जा रहे हैं। हाल ही में एक घटना में नल चोरी होने के कारण पूरे सफर के दौरान कोच में पानी बहता रहा, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। मामले की जानकारी एक जागरूक यात्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से रेल मंत्रालय को दी, जिसके बाद नल को बदला गया।
बताया जाता है कि यह ट्रेन दुर्ग से रात में चलकर सुबह अंबिकापुर पहुंचती है और फिर प्रात: अंबिकापुर शहडोल होते हुए पुन: अंबिकापुर लौटती है। दोपहर के समय शहडोल स्टेशन यार्ड में खड़ी रहने के दौरान ही असामाजिक तत्व कोचों को निशाना बनाते हैं।रेलवे के सी एंड डब्ल्यू विभाग के अनुसार, कोचों से नल चोरी होने की शिकायतें अब आम हो गई हैं। एक ओर जहां रेल प्रबंधन यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने का प्रयास कर रहा है, वहीं दूसरी ओर असामाजिक तत्व इन प्रयासों पर पानी फेर रहे हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों ने रेल प्रशासन से मांग की है कि ऐसे तत्वों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि रेलवे संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।
ज्ञात हो कि रेल प्रबंधन ने एक वर्ष पूर्व मार्च में अंबिकापुर दुर्ग ,दुर्ग अंबिकापुर एक्सप्रेस ट्रेन के पुराने कोचों को बदल नए आधुनिक एलएचबी कोच लगा यात्रियों को आरामदायक सफर की सुविधा उपलब्ध कराई थी,इसी प्रकार अंबिकापुर,जबलपुर एवं जबलपुर अंबिकापुर एक्सप्रेस ट्रेन गत दस अक्टूबर से पुराने कोचों को बदल एलएचबी कोच लगाया था ताकि लोगों को बेहतर यात्री सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।


