सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 11 अप्रैल। नौकरी लगाने के नाम पर ठगी और साइबर फ्रॉड में लिप्त आरोपी को सूरजपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
मामले की शुरुआत 29 अक्टूबर 2025 को हुई, जब ग्राम दवना निवासी विजय प्रताप ने थाना सूरजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि भूपेन्द्र विश्वकर्मा ने एसईसीएल में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 16 फरवरी 2024 से 2025 के बीच उससे 20 हजार रुपये तथा उसके रिश्तेदार रतन सिंह से 35 हजार रुपये, कुल 55 हजार रुपये वसूल लिए। नौकरी नहीं लगने पर पैसे वापस मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगा। इस पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 420 भादसं के तहत मामला दर्ज किया।
इसी बीच भारतीय साइबर अपराध समन्वय केन्द्र के पोर्टल से प्राप्त जानकारी के आधार पर एक अन्य मामला सामने आया। जांच में पाया गया कि आरोपी भूपेन्द्र विश्वकर्मा का आईडीबीआई बैंक खाता साइबर फ्रॉड में उपयोग हो रहा था। इस पर थाना सूरजपुर में धारा 317(4), 318(2), 61(2)(ए) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया।
एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर आरोपी भूपेन्द्र विश्वकर्मा रूनियाडीह, चौकी करंजी, वर्तमान पता न्यू वकील कॉलोनी, सूरजपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे लेकर अपने निजी खर्चों में उपयोग कर लिया। साथ ही उसने अपना बैंक खाता, एटीएम और सिम कार्ड साइबर फ्रॉड गिरोह को 5 हजार रुपये में उपलब्ध कराया था और इसके बदले उसे हर महीने 5 हजार रुपये मिलते थे।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के बैंक खाते में करीब 77 लाख 84 हजार रुपये का लेन-देन हुआ है, जो विभिन्न राज्यों में सक्रिय साइबर ठग गिरोह से जुड़ा है।
दोनों मामलों में आरोपी को शुक्रवार 10 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया।