सूरजपुर

मेमू ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री परेशान, घंटों की देरी बन रही मुसीबत
10-Apr-2026 8:56 PM
मेमू ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री परेशान, घंटों की देरी बन रही मुसीबत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 10 अप्रैल। अंबिकापुर-अनूपपुर और शहडोल-अंबिकापुर के बीच चलने वाली मेमू ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी से यात्री भारी परेशानी झेल रहे हैं। सिंगल लाइन होने के कारण रेल प्रबंधन द्वारा मालगाडिय़ों को प्राथमिकता दिए जाने से यात्री ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो रहा है।

जानकारी के अनुसार शहडोल-अंबिकापुर मेमू (ट्रेन संख्या 68749) और अंबिकापुर-अनूपपुर मेमू (ट्रेन संख्या 68758) लंबे समय से निर्धारित समय से काफी विलंब से चल रही हैं। यात्रियों का कहना है कि इन ट्रेनों का एक से दो घंटे लेट होना अब आम बात हो गई है। शहडोल अंबिकापुर मेमू का अंबिकापुर आगमन का समय अपराह्न पांच पैंतीस बजे है, जबकि अंबिकापुर अनूपपुर मेमू ट्रेन का छूटने का समय सायं छह बजे है। यात्रियों के मुताबिक ये मेमू रोजाना घंटों विलम्ब से चल रही है।

मेमू ट्रेनों की देरी के कारण यात्री अनूपपुर समय पर नहीं पहुंच पाते, जिससे उनकी अमरकंटक एक्सप्रेस, सारनाथ एक्सप्रेस और रीवा जाने वाली ट्रेनों से कनेक्टिविटी छूट जाती है। इससे यात्रियों को अतिरिक्त आर्थिक और मानसिक परेशानी उठानी पड़ रही है।

लगातार देरी से लोगों का भरोसा इन ट्रेनों से उठता जा रहा है। कई यात्री अब निजी वाहन बुक कर अनूपपुर पहुंचने को मजबूर हैं, ताकि वे आगे की यात्रा समय पर पूरी कर सकें।

रेल मंत्रालय जहां एक ओर रेलवे के आधुनिकीकरण और सुधार के दावे कर रहा है, वहीं दूसरी ओर ट्रेनों की समयबद्धता में सुधार नहीं होने से यात्रियों में नाराजगी बढ़ रही है। यात्रियों का कहना है कि यदि मेमू ट्रेनें समय पर नहीं चलाई जा सकतीं, तो इनके संचालन पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए।

क्षेत्रवासियों ने रेल प्रबंधन से इस समस्या पर शीघ्र ध्यान देते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है।


अन्य पोस्ट