सूरजपुर

गन्ना किसानों का 4 माह से भुगतान लंबित, आंदोलन की चेतावनी
09-Apr-2026 8:46 PM
 गन्ना किसानों का 4 माह से भुगतान लंबित, आंदोलन की चेतावनी

प्रतापपुर, 9 अप्रैल। सूरजपुर जिला में गन्ना किसानों और मजदूरों के बकाया भुगतान को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस संबंध में जिला पंचायत सदस्य सुरेश कुमार आयाम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) प्रतापपुर को ज्ञापन सौंपकर जल्द भुगतान कराने की मांग की है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि 15 दिनों के भीतर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो 16वें दिन से गन्ना किसान और मजदूर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेंगे और जरूरत पडऩे पर कारखाने में तालाबंदी करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन में बताया गया है कि मां महामाया सहकारी शक्कर कारखाना में पिछले चार महीनों से गन्ना किसानों एवं मजदूरों का भुगतान नहीं किया गया है।

जबकि शासन के निर्देशानुसार उत्पादित शक्कर का उपयोग नागरिक आपूर्ति निगम के लिए किया जा रहा है। इसके बावजूद किसानों का भुगतान जानबूझकर विलंब से किया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।

जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि 15 दिनों के भीतर सभी किसानों और मजदूरों का पूरा भुगतान किया जाए। साथ ही कारखाने में किसानों के बीच से अध्यक्ष का चयन कर पारदर्शिता सुनिश्चित करने की बात भी कही गई है, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।

इसके अलावा, बचे हुए शक्कर का अग्रिम भुगतान नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा कराने या शक्कर बिक्री की अनुमति देने की भी मांग की गई है।


अन्य पोस्ट