सूरजपुर

आमगांव खदान में सब एरिया मैनेजर से मारपीट, सरपंच समेत दर्जन भर पर केस दर्ज
08-Apr-2026 10:48 PM
आमगांव खदान में सब एरिया मैनेजर से मारपीट, सरपंच समेत दर्जन भर पर केस दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 8 अप्रैल। आमगांव खुली खदान में रोड डायवर्सन कार्य के दौरान सब एरिया मैनेजर पर हमले और तोडफ़ोड़ के मामले में पुलिस ने ग्राम पटना की सरपंच विमला सिंह सहित दर्जन भर से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना मंगलवार 7 अप्रैल की दोपहर की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आमगांव सब एरिया मैनेजर विजय कुमार कंपनी की सर्वे टीम के साथ खदान विस्तार के लिए रोड डायवर्सन/निर्माण कार्य का मौका निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम पटना की सरपंच विमला सिंह अन्य ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचीं और शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए विवाद शुरू कर दिया।

शिकायत में बताया गया है कि आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का और पत्थरों से हमला कर विजय कुमार को घायल कर दिया। साथ ही कंपनी की अधिग्रहीत स्कॉर्पियो वाहन (सीजी 15 ईके 7224) में तोडफ़ोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया।

विजय कुमार ने अपनी रिपोर्ट में गणेश सिंह, गीता (पति रामनारायण), संगीता (पति विनय सिंह), सोमारी (पति नंदू), पिंटू (पिता शिवराम), विंदेश्वर (पिता विशंभर), महादेव एक्का, विकास एक्का, हरिकेश, पत्थल सिंह, अजय एक्का सहित अन्य लोगों के नाम भी शामिल किए हैं।

पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं 296, 115(2), 351(3), 121(1), 221, 191(1), 191(2), 324(2) के तहत शून्य में अपराध दर्ज कर केस डायरी जांच के लिए रामानुजनगर थाना भेज दी है। इधर, बुधवार को दूसरे दिन भी प्रबंधन के अधिकारी सडक़ निर्माण कार्य शुरू कराने पहुंचे, लेकिन सरपंच के नेतृत्व में ग्रामीणों के फिर से विरोध के चलते काम शुरू नहीं हो पाया है।


अन्य पोस्ट