सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 7 अप्रैल। एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र में चोरी की एक घटना सामने आई है। केंद्रीय चिकित्सालय में पदस्थ महिला चिकित्सक डॉ. शुभांगी वर्मा के सूने आवास में बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए करीब 40 हजार रुपये नगद पार कर दिए।
मिली जानकारी के अनुसार घटना 7 अप्रैल की मध्यरात्रि की है। डॉ. शुभांगी वर्मा टूए कॉलोनी स्थित अपने आवास में अकेली रहती हैं। उन्होंने बताया कि 6 अप्रैल की शाम 7 बजे से 7 अप्रैल की सुबह 7 बजे तक उनकी अस्पताल में इमरजेंसी ड्यूटी थी। ड्यूटी पर जाने से पहले उन्होंने अपने आवास को लॉक कर दिया था।
सुबह ड्यूटी से लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और अंदर सामान बिखरा पड़ा है। इसके बाद उन्होंने तत्काल पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी और बिश्रामपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। चोर घर के भीतर रखे पर्स और सूटकेस से करीब 40 हजार रुपये नगद लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।