सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 7 अप्रैल। सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुमेली घाट के जंगलों में बड़े पैमाने पर अवैध जुआ संचालित होने का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हडक़ंप मच गया है। सोशल मीडिया पर 5 व 6 अप्रैल को वायरल हुए वीडियो में दर्जनों लोगों को घने जंगल के बीच लाखों रुपये का दांव लगाते देखा गया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इतने बड़े स्तर पर जुए का संचालन स्थानीय पुलिस की जानकारी या लापरवाही के बिना संभव नहीं था। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए रामानुजनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अलरिक लकड़ा को ड्यूटी में लापरवाही का दोषी पाते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें रक्षित केंद्र सूरजपुर में संबद्ध किया गया है। जांच के दौरान वायरल वीडियो के सूक्ष्म परीक्षण में एक पुलिसकर्मी की संलिप्तता भी सामने आई। रक्षित केंद्र सूरजपुर में पदस्थ आरक्षक (चालक) पंकज सिंह को वीडियो में जुआ खेलते हुए पहचाना गया। पुलिसकर्मी के इस कृत्य को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में दोनों पुलिसकर्मियों को नियमानुसार केवल गुजारा भत्ता प्रदान किया जाएगा।
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। फिलहाल कुमेली घाट के जंगल में संचालित जुआ गिरोह के मुख्य सरगनाओं की तलाश जारी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार विस्तृत जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने की भी संभावना जताई जा रही है।


