सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
विश्रामपुर, 7 अप्रैल। ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) छत्तीसगढ़ राज्य का छठवां राज्य सम्मेलन 4 एवं 5 अप्रैल को दल्ली राजहरा में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में एटक की राष्ट्रीय महासचिव अमरजीत कौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके मार्गदर्शन में आयोजित सम्मेलन में सर्वसम्मति से अजय विश्वकर्मा को एटक छत्तीसगढ़ राज्य का अध्यक्ष चुना गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अजय विश्वकर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने बताया कि काम के घंटे, वेतन, स्वास्थ्य सुविधाएं और सामाजिक सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अभी भी गंभीर कमियां हैं। इन मुद्दों को लेकर शीघ्र ही व्यापक संघर्ष छेड़ा जाएगा।
उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए चार लेबर कोड बिलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे मजदूर वर्ग के सामने नई चुनौतियां उत्पन्न होंगी। श्रम कानूनों में बदलाव, निजीकरण, ठेका प्रथा का विस्तार और रोजगार की असुरक्षा जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरे प्रदेश में संगठित और व्यापक संघर्ष की आवश्यकता पहले से अधिक बढ़ गई है। सम्मेलन के दौरान एसकेएमएस (एटक) के अध्यक्ष एवं महासचिव द्वारा एक लाख रुपये का चेक संघर्ष फंड के रूप में राष्ट्रीय महासचिव अमरजीत कौर को औपचारिक रूप से सौंपा गया।
यह सहयोग वर्तमान समय में मजदूर वर्ग के सामने खड़ी चुनौतियों के खिलाफ संघर्ष को और मजबूती प्रदान करेगा।