सूरजपुर

झुलसी छात्रा की मौत, जांच
05-Apr-2026 8:20 PM
झुलसी छात्रा की मौत, जांच

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 5 अप्रैल। बिश्रामपुर भटगांव मार्ग स्थित पासिंग नाला के पास शनिवार को सडक़ किनारे गंभीर रूप से झुलसी मिली 11वीं कक्षा की छात्रा की रविवार को रायपुर के डीकेएस अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को लेकर गोरखनाथपुर बिश्रामपुर के लिए रवाना हुए हैं।

मृत छात्रा की पहचान मोनिका सिंह (17) पिता छेरतु के रूप में हुई है। वह स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय, बिश्रामपुर में बायलॉजी संकाय की छात्रा थी और पढ़ाई में अच्छी बताई जा रही है। विद्यालय में इन दिनों वार्षिक परीक्षाएं चल रही हैं। घटना वाले दिन शनिवार को दोपहर 1 से 4 बजे तक बायलॉजी की परीक्षा थी, इसी दौरान यह हादसा हुआ।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को छात्रा सडक़ किनारे 90 प्रतिशत से अधिक झुलसी हालत में कराहते मिली। राहगीरों की सूचना पर बिश्रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर रायपुर भेजा गया था।

प्रारंभिक जानकारी में मोबाइल को लेकर रामपुर निमपारा निवासी भूपेंद्र सिंह (21) से छात्रा का विवाद सामने आया है। युवक के अनुसार उसने छात्रा को लोन पर मोबाइल दिलाया था, जिसकी किस्त को लेकर विवाद हुआ।

 युवक का कहना है कि छात्रा ने किराना दुकान से पेट्रोल खरीदा, इस दौरान वह उसके हाथ से पेट्रोल छीनकर अपनी बाइक में डाल लिया और बाद में उसे आरटीआई कॉलोनी के पास छोड़ दिया गया। इसके बाद छात्रा कुछ दूरी पर झुलसी हालत में मिली।

घटना के दौरान मौके पर एक ट्रक के खड़े होने और कुछ लोगों द्वारा छात्रा का वीडियो बनाने की बात भी सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने संदेही युवक को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छात्रा ने खुद आग लगाई या किसी अन्य ने घटना को अंजाम दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और दोनों पक्षों के परिजनों से भी पूछताछ के लिए थाना बुलाए जाने की खबर है।


अन्य पोस्ट