सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 4 अप्रैल। बिश्रामपुर-भटगांव मार्ग में शनिवार सुबह एक युवती अधजली हालत में सडक़ किनारे पड़ी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से झुलसी युवती को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार युवती 90 प्रतिशत से अधिक झुलस चुकी है।
बिश्रामपुर थाना प्रभारी प्रकाश राठौर ने बताया कि सुबह करीब 9.30 बजे फोन के माध्यम से सूचना मिली कि पासंग नाला के पास आरटीआई कॉलोनी की ओर एक युवती गंभीर हालत में पड़ी है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उसे अस्पताल पहुंचाया। उस समय युवती बोलने की स्थिति में नहीं थी, लेकिन उसने दो मोबाइल नंबर पुलिस को दिए।
पुलिस ने नंबर पर संपर्क किया तो भूपेंद्र सिंह नामक युवक सामने आया, जिसे अस्पताल बुलाया गया। उसके आधार पर युवती की पहचान गोरखनाथपुर निवासी के रूप में हुई। प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने बताया कि युवती उससे मिलने आई थी और दोनों के बीच मोबाइल को लेकर विवाद हुआ था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि युवती ने रास्ते में एक दुकान से पेट्रोल खरीदा था। हालांकि घटना के कारणों को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
प्रारंभिक तौर पर यह भी आशंका जताई जा रही है कि दोनों के बीच आपसी विवाद के चलते घटना हुई हो सकती है, लेकिन पुलिस का कहना है कि युवती के बयान के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। दस्तावेजों के आधार पर युवती के नाबालिग होने की बात भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


