सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 4 अप्रैल। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के तहत महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भटगांव विधानसभा क्षेत्र में 13.22 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया।
मंत्री राजवाड़े ने विकासखंड ओडग़ी के ग्राम हरिहरपुर (छतरंग रोड) में कागज नाला पर 419.37 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पुल निर्माण कार्य का विधिवत पूजा-अर्चना कर शुभारंभ किया। इसके साथ ही भैयाथान विकासखंड के ग्राम सांवरावा में 136.23 लाख रुपये की लागत से जलाशय जीर्णोद्धार कार्य की शुरुआत की गई।
इसके अलावा प्रतापपुर-भैयाथान मुख्य मार्ग से परसापारा तक लगभग 5 किलोमीटर लंबी सडक़ निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया गया, जिसकी लागत 766.37 लाख रुपये बताई गई है।
इस अवसर पर मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देते हुए लगातार सडक़, पुल एवं जल संरचनाओं का विस्तार कर रही है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा तथा कृषि एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में वन विकास निगम अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।


