सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 3 अप्रैल। बिश्रामपुर रेलवे स्टेशन के नए गुड शेड की चार नंबर लाइन में लगे सिग्नल केबल चोरी के मामले को आरपीएफ ने तत्परता से सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुहेल अंसारी (21 वर्ष) नवागढ़, अंबिकापुर के रूप में हुई है, जो एक ट्रक का क्लीनर है। उसे गुरुवार को रेलवे के स्पेशल मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व बिश्रामपुर स्टेशन के नवीन गुड शेड की चार नंबर लाइन में ट्रेनों के संचालन के लिए लगाए गए तांबेयुक्त सिक्स-कोर केबल को अज्ञात चोरों ने काट लिया था। इस घटना के चलते उक्त लाइन का सिग्नल सिस्टम ठप हो गया था।
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ अंबिकापुर की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। गुड शेड क्षेत्र में हाल ही में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और आसपास सघन तलाशी अभियान चलाया गया। जांच के दौरान गुड शेड में खड़े एक ट्रक (क्रमांक सीजी 15 ईडी 4795) के डाले में कटा हुआ केबल तिरपाल से ढका हुआ मिला।
आरपीएफ ने ट्रक मालिक निहाल अहमद (निवासी पर्राडांड, अंबिकापुर) को बुलाकर पूछताछ की। बताया गया कि ट्रक चालक वाहन खड़ा कर घर चला गया था। इसके बाद क्लीनर सुहेल अंसारी से पूछताछ की गई, जिसने केबल काटकर ट्रक में छिपाने की बात स्वीकार कर ली।
आरपीएफ ने आरोपी को रेलवे अधिनियम की धारा 3 (ए) आरपीयूपी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।कार्यवाही में आरपीएफ पोस्ट अंबिकापुर प्रभारी निरीक्षक सुनीता मिंज और उनकी पूरी टीम सक्रिय रही।घटना में शामिल ट्रक और केबल को भी आरपीएफ ने अपने कब्जे में लिया है।


