सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 2 अप्रैल। कोयलांचल बिश्रामपुर में हनुमान जन्मोत्सव गुरुवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में बुधवार से प्रारंभ हुआ अखंड रामायण पाठ दूसरे दिन पूर्ण हुआ।
गुरुवार सुबह से ही श्रद्धालुओं का मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंचना शुरू हो गया। निर्धारित कार्यक्रम के तहत हनुमान जी का सहस्त्रार्चन पूजन, हवन एवं आरती के पश्चात भंडारे का आयोजन किया गया। समस्त धार्मिक अनुष्ठान आचार्य पं. बालकिशुन गर्ग के सानिध्य में संपन्न हुए। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही।
इसी अवसर पर सर्व हिन्दू समाज द्वारा एसईसीएल महाप्रबंधक कार्यालय बिश्रामपुर के प्रवेश द्वार के सामने श्रीराम टॉवर एवं धर्मध्वजा स्थापना का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बिश्रामपुर रेलवे स्टेशन प्रांगण से निकाली गई रैली से हुई, जो मुख्य बाजार का भ्रमण करते हुए दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर पहुंची। वहां दर्शन-पूजन के पश्चात रैली पुन: श्रीराम टॉवर स्थल पहुंची।
यहां विधिवत पूजा-अर्चना के साथ श्रीराम टॉवर में धर्मध्वजा स्थापित की गई। इसके बाद सुंदरकांड पाठ एवं हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया तथा विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में भाजपा, बजरंग दल, दुर्गा वाहिनी एवं सर्व हिन्दू समाज के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सक्रिय रहे। कार्यक्रम की तैयारियां पिछले एक माह से चल रही थीं।
श्रद्धालुओं ने एक स्वर में 101 फीट ऊंचे श्रीराम टॉवर की स्थापना को कोयलांचल के लिए ऐतिहासिक बताया। इस टॉवर में लगाए गए लाउडस्पीकरों के माध्यम से प्रात: एवं सायंकाल हनुमान चालीसा एवं भजनों का प्रसारण किया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को नियमित रूप से धार्मिक श्रवण का लाभ मिल सकेगा।