सूरजपुर
घर तोडऩे की कार्रवाई पर भडक़ीं शशि सिंह, 24 घंटे का अल्टीमेटम, चक्काजाम की चेतावनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर,27 मार्च। भटगांव कोल क्षेत्र अंतर्गत प्रतापपुर-जगरनाथपुर स्थित महान-3 खदान में एसईसीएल प्रबंधन के खिलाफ कांग्रेस का आक्रोश फूट पड़ा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खदान के मुख्य द्वार का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया, जिससे पूरे दिन खदान का संचालन पूरी तरह ठप रहा।
यह प्रदर्शन दो दिन पूर्व हुई उस विवादित कार्रवाई के विरोध में किया गया, जिसमें एसईसीएल प्रबंधन द्वारा कांग्रेस के एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पैतृक मकान को ध्वस्त कर दिया गया था। घटना के बाद से ही क्षेत्र में भारी नाराजगी का माहौल बना हुआ है।
मौके पर पहुंचीं शशि सिंह ने प्रबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के मकान तोडऩा अमानवीय और तानाशाहीपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक मकान नहीं, बल्कि एक परिवार की गरिमा और भावनाओं पर आघात है। उन्होंने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों का मुद्दा उठाते हुए चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर पीडि़त परिवार को न्याय नहीं मिला, तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन चक्का जाम में बदल दिया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान ‘एसईसीएल प्रबंधन होश में आओ’ जैसे नारों से खदान परिसर गूंज उठा। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी से आंदोलन और व्यापक हो गया, जिससे प्रशासन पर भी दबाव बढ़ता नजर आया।
इस दौरान पूर्व विधायक भानुप्रताप सिंह, जिला उपाध्यक्ष अनिल गुप्ता, विद्यासागर सिंह, नवीन जायसवाल, त्रिभुवन सिंह, संजीव श्रीवास्तव, सुरेश अयाम, डी. राम, अविनाश साहू, गोल्डी खान, राजू अयाम सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अमला मौके पर तैनात रहा और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी। हालांकि देर शाम तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आ सका।
रात में सौंपा ज्ञापन, हड़ताल खत्म
देर रात प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए हड़ताल समाप्त कर दी। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि यदि मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई, तो आगे उग्र आंदोलन की रणनीति अपनाई जाएगी।


