सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 25 मार्च। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज सरगुजा अंचल के दौरे के दौरान सूरजपुर जिले पहुंचे। यहां उन्होंने प्रतापपुर, भटगांव और प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्रों में बूथ कमेटियों की बैठक ली और गांव चलो अभियान के तहत संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
जिला कांग्रेस कमेटी की अगुवाई में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों एवं स्वागत समारोहों में शामिल होते हुए श्री बैज ने कहा कि प्रदेश में 42 हजार बूथ कमेटियों का गठन किया जा रहा है, जो कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि बूथ, पंचायत और मंडल स्तर पर पार्टी की विचारधारा को आमजन तक पहुंचाना प्राथमिकता है।
सूरजपुर के साधुराम सेवाकुंज में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रदेश सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा कि जनता बदलाव चाहती है और आने वाले विधानसभा चुनाव में बड़ा परिवर्तन देखने को मिलेगा। उन्होंने संगठन सृजन अभियान पर जोर देते हुए जिलाध्यक्ष शशि सिंह की सराहना की और उन्हें जुझारू आदिवासी नेत्री बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि संगठन को मजबूत करने के लिए एकजुट होकर कार्य करें।
दौरे के दौरान कल्याणपुर, पंपापुर, प्रतापपुर, खोरमा, भटगांव, बरपारा, बिश्रामपुर, तिलसिवां एवं सूरजपुर सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
मुख्य कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, डॉ. प्रेमसाय सिंह, पूर्व विधायक पारसनाथ राजवाड़े, भानुप्रताप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष विन्ध्येश्वर शरण सिंहदेव, रेडक्रॉस चेयरमैन आदित्येश्वर शरण सिंहदेव, पूर्व श्रम आयोग अध्यक्ष सफी अहमद सहित कई वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सुनील अग्रवाल एवं आभार प्रदर्शन संजय डोसी ने किया।