सूरजपुर

नपं कार्यालय में पार्षदों का हंगामा, इंजीनियर से गाली-गलौज
25-Mar-2026 10:34 PM
नपं कार्यालय में पार्षदों का हंगामा, इंजीनियर से गाली-गलौज

अवकाश पर जाने से विकास कार्य प्रभावित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर/विश्रामपुर, 25 मार्च। नगर पंचायत विश्रामपुर में भाजपा पार्षदों द्वारा कार्यालय में घुसकर इंजीनियर से गाली-गलौज और धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना से आहत इंजीनियर गौरव अग्रवाल ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को आवेदन देकर लंबी छुट्टी ले ली है, जिससे निकाय क्षेत्र के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, घटना 18 मार्च की है। आरोप है कि वार्ड क्रमांक 9 के पार्षद अमरेश कुमार और वार्ड क्रमांक 15 के पार्षद पिंटू यादव नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और कार्यों के वितरण को लेकर इंजीनियर से विवाद करने लगे। पार्षदों का आरोप था कि उनके वार्डों में अपेक्षाकृत कम कार्य दिए गए हैं, जबकि इंजीनियर का कहना था कि सभी वार्डों में कार्य समान रूप से बांटे गए हैं।

विवाद के दौरान पार्षदों द्वारा इंजीनियर को भद्दी गालियां देने और बाहर निकलने पर मारपीट की धमकी देने का आरोप है। कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मचारियों के हस्तक्षेप से स्थिति को नियंत्रित किया गया।

घटना के बाद इंजीनियर ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, हालांकि अब तक किसी ठोस कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर समझाइश दी है।

इधर, घटना से आहत इंजीनियर गौरव अग्रवाल ने सीएमओ को आवेदन देकर अवकाश ले लिया है और वापस न आने की बात कही है। उनके अवकाश पर जाने से नगर पंचायत क्षेत्र में चल रहे करोड़ों रुपये के निर्माण एवं विकास कार्यों पर असर पड़ रहा है।

नगर पंचायत सीएमओ सुशील तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इंजीनियर के अवकाश पर जाने की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है तथा वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दूसरे अभियंता की मांग की गई है।


अन्य पोस्ट