सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर 24 मार्च। एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र के बलरामपुर खदान में पदस्थ मैकेनिकल फिटर विनोद कुमार के खिलाफ फर्जी नौकरी के आरोपों पर कार्रवाई में देरी को लेकर प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठे हैं। शिकायत के बावजूद मामले को जांच के नाम पर लंबित रखने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता श्याम सिंह (पति स्व. नर्मदा सिंह), निवासी सत्यनगर जुनापारा भैयाथान ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि उनके पति की मृत्यु के बाद भूमि से जुड़े दस्तावेजों की जांच के दौरान भटगांव थाना क्षेत्र के खसरा नंबर 1166/2 एवं 1256, रकबा 0.202 हेक्टेयर जमीन सामने आई। आरोप है कि उक्त जमीन पर विनोद कुमार, जो कई वर्षों से एसईसीएल में कार्यरत है, ने फर्जी तरीके से दावा किया है।
इस संबंध में सुनीता सिंह (पति प्रदीप सिंह) द्वारा एसईसीएल प्रबंधन को शिकायत दी गई थी। प्रबंधन ने करीब एक वर्ष पूर्व पत्र के माध्यम से जानकारी दी थी कि विनोद कुमार के खिलाफ कंपनी के प्रमाणित स्थायी आदेश की धारा 26(1), 26(9) एवं 26(22) के तहत आरोप पत्र (क्रमांक 617, दिनांक 2 नवंबर 2024) जारी किया गया है।
इन धाराओं में नियोक्ता की संपत्ति के साथ धोखाधड़ी, रोजगार संबंधी गलत जानकारी देना तथा कंपनी हितों को नुकसान पहुंचाने जैसे आरोप शामिल हैं।
मामले की जांच के लिए समिति गठित की गई है, जिसमें अरविंद विकास उरांव (प्रबंधक खनन, बलरामपुर) को जांच अधिकारी तथा किशोर कुणाल (प्रबंधक विद्युत यांत्रिकी) को प्रबंधन प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है।
वहीं, बीएमएस द्वारा इस प्रकरण को लेकर श्रमायुक्त (केंद्रीय) बिलासपुर के समक्ष औद्योगिक विवाद भी दर्ज कराया गया है, जिसका जवाब प्रबंधन दे चुका है।
पीडि़ता सुनीता सिंह ने हाल ही में महाप्रबंधक, बिश्रामपुर क्षेत्र से मुलाकात कर मामले की पूरी जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि विनोद कुमार शीघ्र ही सेवानिवृत्त होने वाला है, लेकिन प्रबंधन द्वारा जानबूझकर जांच लंबित रखी जा रही है, ताकि उसे सेवानिवृत्ति पर मिलने वाले लाभ मिल सकें।
मामले को लेकर अब प्रबंधन की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं और पीडि़त पक्ष ने जल्द निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।