सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 23 मार्च। चैत्र नवरात्रि के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शनिवार को ओडग़ी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कुदरगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने माँ कुदरगढ़ी के पावन धाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। दर्शन-पूजन के उपरांत मुख्यमंत्री ने जिले को 185 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से 52 कार्यों का लोकार्पण एवं 24 कार्यों का भूमिपूजन कर विकास की बड़ी सौगात दी। इन कार्यों में सडक़, भवन, पेयजल, शिक्षा, जलाशय और नगरीय अधोसंरचना से जुड़े विभिन्न निर्माण शामिल हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जिले में रेडी टू ईट निर्माण के माध्यम से पोषण कार्यक्रम का बेहतर संचालन किया जा रहा है, जिससे महिलाओं और बच्चों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने इसे जिले के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
उन्होंने नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माता कुदरगढ़ का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और प्रदेश निरंतर विकास की राह पर आगे बढ़ता रहे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बस्तर क्षेत्र से नक्सलवाद समाप्त करने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है।
कुदरगढ़ धाम के विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शीघ्र ही रोपवे का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही क्षेत्र में डोम, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाओं का विस्तार कर धाम को सुव्यवस्थित और विकसित किया जाएगा।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सरगुजा ओलंपिक को क्षेत्र के खिलाडिय़ों के लिए नया अवसर बताया।
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि सरकार महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा आंगनबाड़ी सेवाओं को सुदृढ़ कर बेहतर पोषण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सुपोषण रथ, आपराधिक जागरूकता रथ और यातायात जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि जनजागरूकता के माध्यम से ही पोषण स्तर में सुधार और सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणी देवपाल सिंह पैकरा, पूर्व विधायक श्रीमती रजनी त्रिपाठी, बाबूलाल अग्रवाल, मुरली मनोहर सोनी, भुवन भास्कर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही आईजी दीपक झा, संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, कलेक्टर एस. जयवर्धन, एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर, डीएफओ डी.पी. साहू और जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले सहित अधिकारीगण मौजूद रहे।