सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 23 मार्च। सूरजपुर के ग देवनगर में शहीदी दिवस के अवसर पर देश के वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। ग्राम पंचायत भवन में पतंजलि युवा भारत, जिला सूरजपुर के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन पतंजलि युवा भारत के जिला प्रभारी अशोक जायसवाल द्वारा किया गया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात बालिकाओं द्वारा योग प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को आकर्षित किया गया।
इस अवसर पर शहीद-ए-आजम भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के जीवन व बलिदान को याद करते हुए उनके देशहित में किए गए सर्वोच्च त्याग की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि इन वीरों का बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अक्षय सिंह (सरपंच प्रतिनिधि) एवं विशिष्ट अतिथि विकास गुप्ता (उपसरपंच, देवनगर) उपस्थित रहे। साथ ही योगासन स्पोर्ट के सदस्य कार्तिक निषाद, गोपाल राजवाड़े, तुलेश्वर राजवाड़े, बालसाय राजवाड़े (तहसील प्रभारी), श्रीकांत पांडेय (युवा भारत संगठन मंत्री), पवन प्रजापति, दीपक सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता की प्रतिभागी बालिकाओं मंजू राजवाड़े और युषिका राजवाड़े ने कठिन योग आसनों का प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीत, श्रद्धांजलि, हवन एवं राष्ट्रीय गीत गायन का आयोजन किया गया। साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों की वीर गाथाओं का स्मरण कर उनके योगदान को नमन किया गया। इस अवसर पर गांव की माताएं, बहनें, युवा साथी एवं शिक्षकगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।