सूरजपुर
सूरजपुर, 23 मार्च। जिले के अभिभावकों के लिए राहत भरी खबर है कि सत्र 2026-27 से प्रारंभ हो रहे नवीन केन्द्रीय विद्यालय, सूरजपुर में प्रवेश प्रक्रिया 20 मार्च 2026 से शुरू हो गई है। केन्द्रीय विद्यालय संगठन, भारत सरकार के मानव संसाधन विकास मंत्रालय के अंतर्गत संचालित एक स्वायत्त संस्था है।
कक्षा पहली में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया पूर्णत: ऑनलाइन रखी गई है। इच्छुक अभिभावक केन्द्रीय विद्यालय संगठन की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
वहीं कक्षा दूसरी से पाँचवीं तक के प्रवेश के लिए ऑफलाइन आवेदन की व्यवस्था की गई है। अभिभावक विद्यालय कार्यालय से प्रात: 9:00 बजे से 11:30 बजे तक पंजीकरण फॉर्म प्राप्त कर सकते हैं तथा दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक भरा हुआ फॉर्म जमा कर सकते हैं।
केन्द्रीय विद्यालय, सूरजपुर का कार्यालय स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय परिसर, गायत्री मंदिर के बगल, सूरजपुर में स्थित है।