सूरजपुर

बिना प्लानिंग बिछ रहीं केबल और खड़े हो रहे खंभे
22-Mar-2026 9:39 PM
बिना प्लानिंग बिछ रहीं केबल और खड़े हो रहे खंभे

सडक़ों की मनमानी खुदाई, हादसे की आशंका

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 22 मार्च। जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग और ग्रामीण सडक़ों के किनारे इन दिनों अव्यवस्थित और बिना योजना के खुदाई का सिलसिला तेज़ हो गया है। पाइपलाइन डालने, केबल बिछाने और बिजली के खंभे खड़े करने के कार्य बिना समुचित अनुमति और विभागीय समन्वय के किए जा रहे हैं, जिससे न केवल आवागमन प्रभावित हो रहा है बल्कि भविष्य में सडक़ों के विस्तार और चौड़ीकरण पर भी संकट के बादल मंडरा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, विभिन्न टेलीकॉम कंपनियां, गैस पाइपलाइन एजेंसियां, जल जीवन मिशन के ठेकेदार और विद्युत विभाग अपने-अपने स्तर पर सडक़ किनारे गड्ढे खोदकर कार्य कर रहे हैं। कई स्थानों पर बिना किसी पूर्व सूचना और सुरक्षा इंतजाम के लंबी खुदाई कर दी गई है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। वहीं विद्युत विस्तार के नाम पर खंभे भी बिना दीर्घकालिक योजना के खड़े किए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इन कार्यों में न तो विभागीय समन्वय दिख रहा है और न ही भविष्य की जरूरतों का ध्यान रखा जा रहा है। इससे सडक़ों की संरचना कमजोर हो रही है और आगामी समय में चौड़ीकरण या पुल-पुलियों के निर्माण में बाधाएं उत्पन्न हो सकती हैं।

विशेषज्ञों के मुताबिक, सडक़ उन्नयन के दौरान पहले से डाली गई पाइपलाइन, केबल और खंभों को हटाने या शिफ्ट करने के लिए संबंधित विभागों को भारी खर्च करना पड़ता है, जिससे शासकीय धन का दोहराव होता है।

एनएच-43 पर भी ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं, जहां अव्यवस्थित खुदाई के कारण निर्माण कार्यों में देरी और लागत में वृद्धि हुई है। इसके बावजूद संबंधित एजेंसियां बिना मास्टर प्लान के कार्य कर रही हैं।

जनप्रतिनिधियों और जागरूक नागरिकों ने मांग की है कि सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए। साथ ही प्रशासन से बिना अनुमति हो रही खुदाई पर सख्ती से रोक लगाने और एकीकृत योजना लागू करने की मांग की गई है, ताकि सडक़ों का निर्माण सुरक्षित, व्यवस्थित और टिकाऊ हो सके।


अन्य पोस्ट