सूरजपुर

राम प्रताप राजवाड़े ने चंडीगढ़ में दो कांस्य पदक जीते
22-Mar-2026 9:36 PM
राम प्रताप राजवाड़े ने चंडीगढ़ में दो कांस्य पदक जीते

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 22 मार्च। जिले के स्वास्थ्यकर्मी राम प्रताप राजवाड़े ने ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज योगासन प्रतियोगिता 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो इवेंट में कांस्य पदक हासिल कर सूरजपुर और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटगांव में पर्यवेक्षक के पद पर कार्यरत श्री राजवाड़े ने चंडीगढ़ में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में 50 वर्ष से ऊपर आयु वर्ग के आर्टिस्टिक सोलो और रिदमिक पेयर इवेंट में तृतीय स्थान प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता केंद्रीय सिविल सेवा सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा बोर्ड के तत्वाधान में आयोजित हुई, जिसमें देशभर के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

राज्य स्तर पर चयन के बाद राष्ट्रीय मंच तक पहुंचे राजवाड़े ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से लगातार दूसरे वर्ष पदक जीतने का रिकॉर्ड कायम रखा। इससे पहले वर्ष 2024-25 में उन्होंने ट्रेडिशनल सोलो में स्वर्ण और आर्टिस्टिक सोलो में रजत पदक जीता था। इस तरह दो वर्षों में उनके खाते में कुल चार राष्ट्रीय पदक दर्ज हो चुके हैं।

उनकी इस उपलब्धि पर जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और आमजन ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है। राजवाड़े की सफलता यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प और अनुशासन के साथ नौकरी के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्टता हासिल की जा सकती है।


अन्य पोस्ट