सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 20 मार्च। शासन द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत अब भी कई जगहों पर अलग नजर आ रही है। बिश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में करोड़ों रुपये खर्च कर स्थापित हमर लैब रीजेंट किट की कमी से जूझ रही है, जिसके चलते यहां 51 प्रकार की जांचों के स्थान पर महज 27 जांच ही हो पा रही है।
यह अस्पताल लगभग 25 से 30 हजार की आबादी को कवर करता है। वर्ष 2023 में कोरोना काल के दौरान यहां हमर लैब की स्थापना की गई थी, जिससे लोगों को कम दरों पर सभी प्रकार की पैथोलॉजी जांच उपलब्ध कराने की उम्मीद जगी थी। शुरुआती समय में कुछ हद तक सुविधा मिली भी, लेकिन बीते करीब दो वर्षों से रीजेंट की कमी के कारण कई महत्वपूर्ण जांच पूरी तरह ठप पड़ी हैं।
मुख्य जांच बंद, निजी लैब का सहारा
रीजेंट के अभाव में एलएफटी, आरएफटी, लिपिड प्रोफाइल, बायोकेमिस्ट्री और सिरोलॉजी जैसी जरूरी जांचें बंद हैं। नतीजतन सर्दी-खांसी और बुखार जैसी सामान्य बीमारियों के अलावा अन्य जांच के लिए मरीजों को संभाग मुख्यालय या निजी लैब का रुख करना पड़ रहा है, जहां उन्हें महंगी दरों पर जांच करानी पड़ती है। इसका सीधा असर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है।
रोजाना 35-40 मरीज, मातृत्व दिवस पर बढ़ता दबाव
अस्पताल में रोजाना करीब 35 से 40 मरीज विभिन्न जांच के लिए पहुंचते हैं। वहीं हर माह 9 और 24 तारीख को आयोजित मातृत्व दिवस के दौरान जांच कराने वालों की संख्या 90 से 100 तक पहुंच जाती है। बावजूद इसके, संसाधनों के अभाव में सभी को समुचित जांच सुविधा नहीं मिल पा रही है।
महंगी मशीनें हो रहीं बेकार, खराब होने का खतरा
लैब में स्थापित कई महंगी मशीनें रीजेंट के अभाव में लंबे समय से उपयोग में नहीं आ रही हैं। इससे उनके खराब होने की आशंका भी बढ़ गई है, जिससे शासन की बड़ी लागत व्यर्थ जाने का खतरा है।
स्थानीय लोगों ने उठाई मांग
क्षेत्र के प्रबुद्धजनों और मरीजों ने शासन-प्रशासन से जल्द रीजेंट की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि लैब की पूरी क्षमता का उपयोग हो सके और लोगों को स्थानीय स्तर पर सस्ती व सुलभ जांच सुविधा मिल सके।
लैब कर्मियों का कहना है कि दो ढाई वर्ष पूर्व तक पर्याप्त मात्रा में रीजेंट उपलब्ध रहता था, लेकिन बीते दो वर्षों से इसकी कमी बनी हुई है, जिसके चलते जरूरी जांच सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।