सूरजपुर

सूने मकान में चोरी का खुलासा, नाबालिग गिरफ्तार, 2 लाख का सामान बरामद
19-Mar-2026 4:36 PM
सूने मकान में चोरी का खुलासा, नाबालिग गिरफ्तार, 2 लाख का सामान बरामद

अंबिकापुर, 19 मार्च। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में सूने मकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 2 लाख रुपये का मशरुका बरामद किया है। आरोपी से 1 लाख 3 हजार 100 रुपये नगद सहित सोने का लॉकेट और टॉप्स जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम पोपरेंगा कुड़ोपारा निवासी भिनसारी मिंज ने 17 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह और उनके पति घर में ताला लगाकर खेत गए हुए थे। दोपहर करीब 11 बजे वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अंदर अलमारी व बक्से से करीब एक लाख रुपये नगद चोरी हो गए थे। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने एक संदिग्ध युवक को घर की ओर से जाते देखा, जिसके बाद परिजनों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

मामले में बतौली थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में बालक ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उसके कब्जे से नगदी रकम और सोने के आभूषण बरामद किए।

पुलिस ने बताया कि आरोपी बालक के खिलाफ सीतापुर थाना क्षेत्र में भी चोरी का मामला दर्ज है, जिसमें आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस पूरे मामले में थाना प्रभारी विवेक सेंगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।


अन्य पोस्ट