सूरजपुर

गायत्री खदान से 33 टन कोयला व 20 वाहन जब्त
18-Mar-2026 10:12 PM
गायत्री खदान से 33 टन कोयला व 20 वाहन जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 18 मार्च। कोयला चोरी पर अंकुश लगाने के लिए सूरजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गायत्री खदान से करीब 33 टन चोरी का कोयला जब्त किया है। साथ ही चोरों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे 13 मोटरसाइकिल और 7 साइकिल भी बरामद की गई हैं।

एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर बुधवार 18 मार्च की सुबह एसडीओपी अभिषेक पैंकरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खदान में अचानक दबिश दी। पुलिस को देखकर कोयला चोरी में लगे लोग अंधेरे का फायदा उठाकर अपने वाहन छोडक़र फरार हो गए।

मौके से 450 बोरी में भरा करीब 33 टन कोयला (कीमत लगभग 2 लाख रुपये) बरामद कर खदान प्रबंधन को सौंप दिया गया। वहीं, लावारिस हालत में मिले सभी वाहनों को जप्त कर उनके मालिकों की तलाश की जा रही है। मामले में धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है।

एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि अवैध कोयला कारोबार पर रोक लगाने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही खदान प्रबंधन को बाउंड्रीवाल के अवैध रास्तों को बंद करने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए गए हैं।

ज्ञात हो कि क्षेत्र में लंबे समय से एसईसीएल बिश्रामपुर की आमगांव ओपन कास्ट परियोजना और गायत्री भूमिगत खदान से बड़े पैमाने पर कोयला चोरी की शिकायतें सामने आती रही हैं। बताया जाता है कि रोजाना सैकड़ों की संख्या में लोग दिन-रात कोयला निकालकर अवैध कारोबार को बढ़ावा दे रहे हैं।

ताजा कार्रवाई में 33 टन कोयला जब्त होने से अंदाजा लगाया जा सकता है कि चोरी का स्तर कितना व्यापक है। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि रोजाना सैकड़ों टन कोयला खपाया जा रहा है, जिससे इस पूरे नेटवर्क पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लंबे समय बाद हुई इस कार्रवाई ने अवैध कोयला कारोबार को उजागर कर दिया है।

हालांकि, इस कारोबार में कथित रूप से विभिन्न स्तरों पर मिलीभगत की भी चर्चाएं हैं, जिसकी निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।


अन्य पोस्ट