सूरजपुर

कर्मियों का प्रदर्शन, 11 सूत्रीय मांगों पर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
18-Mar-2026 10:09 PM
कर्मियों का प्रदर्शन, 11 सूत्रीय मांगों पर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

प्रतापपुर, 18 मार्च। कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय निकाय के आह्वान पर ब्लॉक इकाई प्रतापपुर द्वारा बुधवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने अनुविभागीय अधिकारी  को मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में मुख्य रूप से महंगाई भत्ता की लंबित एरियर्स राशि का भुगतान, वेतन विसंगतियों का निराकरण, पिंगुआ कमेटी की रिपोर्ट सार्वजनिक करने, चार स्तरीय पदोन्नति, समयमान वेतनमान लागू करने तथा 300 दिवस के नगदी अवकाशीकरण जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।

कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में चतुर्थ चरण के आंदोलन की शुरुआत की और शासन से शीघ्र समाधान की मांग की।

इस अवसर पर फेडरेशन के विभिन्न पदाधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से महिला प्रकोष्ठ की जिला संयोजक प्रतिमा सिंह, उप संयोजक आदेश कुमार रवि, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष, पटवारी संघ के जिलाध्यक्ष, ब्लॉक संयोजक एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि सहित सैकड़ों कर्मचारी शामिल हुए।

कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


अन्य पोस्ट