सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 18 मार्च। अग्रवाल समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए उपयुक्त जीवनसाथी चयन के उद्देश्य से श्री अग्रवाल सभा रायपुर द्वारा 4 व 5 अप्रैल को रायपुर स्थित अग्रोहा धाम में भव्य परिचय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
इस संबंध में रविवार शाम सूरजपुर में अग्रवाल सभा के अध्यक्ष अमृतलाल अग्रवाल के निवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें समाज के लोगों को सम्मेलन की विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक में रायपुर अग्रवाल सभा से आए सम्मेलन प्रमुख रमेश अग्रवाल, प्रभारी विसम्भर अग्रवाल एवं सह प्रभारी पवन अग्रवाल ने कार्यक्रम की रूपरेखा, पंजीयन प्रक्रिया और विशेषताओं पर प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य समाज के युवक-युवतियों को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां परिवार आपस में परिचित होकर बेहतर वैवाहिक संबंध स्थापित कर सकें।
सरगुजा संभागीय अग्रवाल सभा के अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने अधिक से अधिक लोगों से सम्मेलन में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन वर्तमान समय में अत्यंत उपयोगी साबित हो रहे हैं। इससे परिवारों को एक-दूसरे को समझने का अवसर मिलता है और स्थायी रिश्तों की नींव मजबूत होती है।
बैठक में अग्रवाल सभा, अग्रसेन समिति, मारवाड़ी युवा मंच, अग्रवाल संगठन, बायोडाटा समिति सहित भैयाथान अग्रवाल सभा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
परिवारों के बीच बनते हैं नए रिश्ते
पदाधिकारियों ने कहा कि यदि समाज के लोग अपने परिचितों और रिश्तेदारों को भी इस सम्मेलन की जानकारी देकर शामिल होने के लिए प्रेरित करें, तो अधिक से अधिक युवक-युवतियों का परिचय संभव होगा और नए रिश्ते बनेंगे। ऐसे आयोजन समाज में आपसी मेल-जोल और सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं।