सूरजपुर

कलश यात्रा के साथ वारूनी महामेला शुरू
17-Mar-2026 10:40 PM
कलश यात्रा के साथ वारूनी महामेला शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 17 मार्च। ग्राम पंचायत अजबनगर क्षेत्र इन दिनों भक्ति और उत्साह के रंग में पूरी तरह रंग गया है। श्री हरिचांद ठाकुर के 215वें जन्म महोत्सव के अवसर पर आयोजित वारूनी महामेला का शुभारंभ सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कार्यक्रम का आयोजन किरण चांद हरि भजन आश्रम अजबनगर में किया जा रहा है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचकर इस धार्मिक महोत्सव का हिस्सा बन रहे हैं।

पहले दिन सैकड़ों की संख्या में महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर नगर भ्रमण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूरे मार्ग को भक्ति और आस्था से सराबोर कर दिया।

महोत्सव के दूसरे दिन 17 मार्च को गंगा स्नान एवं निसान दल के आगमन के साथ धार्मिक अनुष्ठानों की विधिवत शुरुआत की गई। श्रद्धालुओं ने सुबह से ही पूजा-अर्चना कर अपने जीवन में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

आयोजन समिति के संदीप सरकार ने बताया कि 18 मार्च को जेएमडी म्यूजिक ग्ग्रुप मध्यप्रदेश द्वारा जीवंत झांकी के साथ भजन संध्या का विशेष आयोजन किया जाएगा, जिसमें भक्ति संगीत की मधुर धुनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होंगे। वहीं 19 मार्च को रंगारंग धार्मिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी, जिसमें स्थानीय कलाकारों के साथ बाहर से आए कलाकार भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।

महोत्सव का समापन 20 मार्च को धार्मिक प्रवचन एवं शांति सभा के साथ होगा, जिसमें संत-महात्मा श्रद्धालुओं को धर्म, समाज और जीवन के मूल्यों पर मार्गदर्शन देंगे।

पूरे आयोजन के दौरान प्रतिदिन शाम 7 से 10 बजे तक संध्या आरती का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा आयोजन समिति द्वारा प्रतिदिन विशाल भंडारे की भी व्यवस्था की गई है, जिसमें सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई है।श्रद्धालुओं का उत्साह, भजन-कीर्तन की गूंज और धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला ने इस वारूनी महामेला को एक यादगार आध्यात्मिक पर्व बना दिया है।


अन्य पोस्ट