सूरजपुर

सडक़ दुर्घटना पीडि़तों को मिलेगा कैशलेस इलाज
17-Mar-2026 10:36 PM
 सडक़ दुर्घटना पीडि़तों को मिलेगा कैशलेस इलाज

डेढ़ लाख तक नि:शुल्क उपचार की सुविधा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,17 मार्च। जिले में सडक़ दुर्घटनाओं में घायल लोगों को त्वरित एवं नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासन की महत्वपूर्ण योजना के तहत प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। यह कार्यशाला मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. कपिल देव पैंकरा के निर्देशन में संपन्न हुई।

जिले के सभी शासकीय एवं पंजीकृत निजी अस्पतालों के लिए एक दिवसीय समीक्षा बैठक सह प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसके साथ ही 16 मार्च को रायपुर से ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी योजना की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण में बताया गया कि प्रधानमंत्री भारत योजना के अंतर्गत सडक़ दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को गोल्डन आवर में त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। अस्पताल में भर्ती होने की स्थिति में अधिकतम 7 दिनों तक या 1.50 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा दी जाएगी। इस दौरान मरीज या उसके परिजनों से किसी प्रकार की राशि नहीं ली जाएगी।

योजना के तहत राज्य के मान्यता प्राप्त शासकीय एवं निजी अस्पतालों में उपचार की सुविधा मिलेगी। कार्यशाला में अस्पताल प्रतिनिधियों को उपचार प्रक्रिया, क्लेम सबमिशन, डीएआर/आईटी पोर्टल में पंजीयन तथा संचालन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही दुर्घटना पीडि़तों का त्वरित पंजीयन एवं आवश्यक दस्तावेज समय पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में 24म7 आपातकालीन एवं ट्रॉमा सेवाएं सुनिश्चित करने, पुलिस एवं परिवहन विभाग से समन्वय स्थापित करने तथा सभी अस्पतालों का ई-डीएआर पोर्टल पर पंजीयन अनिवार्य रूप से करने पर विशेष जोर दिया गया।


अन्य पोस्ट