सूरजपुर
गैस की किल्लत नहीं है, अनियमितता पर कड़ी कार्रवाई होगी-फूड इंस्पेक्टर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर,17 मार्च। प्रतापपुर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों घरेलू गैस की किल्लत से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। गैस सिलेंडर समय पर नहीं मिलने के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसी में कार्डधारकों को मिलने वाला मिस कॉल अलर्ट सिस्टम भी ठीक से काम नहीं कर रहा, जिससे उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध होने की जानकारी समय पर नहीं मिल पा रही है।
इस विषय में फूड इंस्पेक्टर शशि जायसवाल ने बताया कि गैस की किल्लत नहीं है। मैं संबंधित गैस एजेंसी से बात करता हूं और नोटिस जारी करता हूं जवाब तलब किया जाएगा, अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी। उपभोक्ताओं को परेशान करना बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलेक्टर सूरजपुर को भी मामले को संज्ञान में देता हूं।
ज्ञात हो कि शहरी क्षेत्र के अधिकांश परिवार अपने दैनिक जीवन के लिए रसोई गैस पर निर्भर हैं। ऐसे में गैस नहीं मिलने से घरों की रसोई व्यवस्था चरमरा गई है। गैस सिलेंडर लेने के लिए लोग सुबह से ही गैस गोदाम के बाहर लंबी कतारों में खड़े नजर आते हैं। घंटों इंतजार करने के बाद भी कई लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है, जिससे आम जनता में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
वहीं ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति भी अलग नहीं है। सरकार की उज्ज्वला योजना के तहत कई ग्रामीण परिवारों को गैस कनेक्शन और गैस कार्ड तो मिल गए हैं, लेकिन इसके बावजूद अधिकांश ग्रामीण नियमित रूप से गैस सिलेंडर नहीं ले पा रहे हैं। गैस की बढ़ती कीमत और अनियमित आपूर्ति के कारण ग्रामीण आज भी लकड़ी और अन्य पारंपरिक साधनों से खाना बनाने को मजबूर हैं। इससे सरकार की योजना का उद्देश्य भी पूरी तरह से पूरा होता नजर नहीं आ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ लोग ग्रामीणों के गैस कार्ड का दुरुपयोग कर गैस की कालाबाजारी में लगे हुए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के कई गैस कार्डधारकों से थोड़े पैसे देकर उनके कार्ड के जरिए सिलेंडर उठाया जाता है और बाद में उसे अधिक कीमत पर बेचा जाता है। इससे आम उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल पाती और बाजार में कृत्रिम संकट की स्थिति बन जाती है।
प्रतापपुर में लगातार बढ़ रही इस समस्या से लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। आम जनता ने प्रशासन और संबंधित गैस एजेंसियों से इस समस्या पर तत्काल ध्यान देते हुए गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।