सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 16 मार्च। प्रतापपुर क्षेत्र के पटवारी हल्का क्रमांक 27 में पदस्थ पटवारी पर नामांतरण के नाम पर किसानों से अवैध रूप से पैसे मांगने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले को लेकर ग्राम पंचायत करसी, बुड़ाडांड और बरसपुर के ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) प्रतापपुर को लिखित शिकायत सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि हल्का नंबर 27 के पटवारी विजयशंकर भगत द्वारा नामांतरण कराने के लिए किसानों से 5 हजार से 10 हजार रुपये तक की मांग की जाती है। किसानों का कहना है कि यदि कोई पैसे देने से मना करता है तो उसका काम लंबित रखा जाता है, जिससे क्षेत्र के किसान काफी परेशान हैं।
शिकायत पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित पटवारी कई बार शराब के नशे में किसानों के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करता है। ग्रामीणों के अनुसार पटवारी का अधिकांश काम एक ऑपरेटर के माध्यम से कराया जाता है और उसी के जरिए किसानों से पैसे की मांग की जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पहले भी सरपंच प्रतिनिधि के माध्यम से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण एसडीएम कार्यालय पहुंचे और सामूहिक रूप से लिखित आवेदन देकर पटवारी को हटाकर दूसरे पटवारी की नियुक्ति करने की मांग की।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।