सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 16 मार्च। सामाजिक विकास और क्षेत्रीय सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले कुदरगढ़ महोत्सव के लिए एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र की ओर से जिला प्रशासन को आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया।
इस अवसर पर महाप्रबंधक डॉ. संजय कुमार सिंह ने सीईओ जिला पंचायत सूरजपुर विजेंद्र कुमार पाटले को 20 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। बताया गया कि इस राशि का उपयोग कुदरगढ़ महोत्सव के सफल आयोजन तथा क्षेत्र के सामाजिक एवं सांस्कृतिक विकास के लिए किया जाएगा। प्रशासन और एसईसीएल के इस सहयोग से महोत्सव के आयोजन को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
ज्ञात हो कि एसईसीएल प्रबंधन ने फरवरी में सरगुजा जिले के मैनपाट महोत्सव के लिए बीस लाख रु. का चेक जिला प्रशासन सरगुजा अंबिकापुर को सौंपा था। आज इस दौरान एसडीएम भैयाथान चांदनी कंवर, क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी अमरेंद्र नारायण सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।