सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 16 मार्च। सामाजिक एकता, परंपराओं की मजबूती और सामुदायिक मुद्दों के समाधान को लेकर प्रांतीय महासभा रजवार समाज छत्तीसगढ़ की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को आयोजित की गई। इस महासभा में प्रदेशभर से आए समाज के पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों और हजारों की संख्या में स्वजातीय बंधुओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक रूप दे दिया।
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने समाज की परंपराओं, संस्कारों और सामाजिक अनुशासन को बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ रजवार समाज के प्रांतीय अध्यक्ष लखन लाल राजवाड़े ने कहा कि समाज की मजबूती आपसी एकता, अनुशासन और सहयोग से ही संभव है। उन्होंने सभी सामाजिक पदाधिकारियों और समाज के लोगों से अपील की कि वे सामाजिक नियमों का पालन करते हुए आने वाली पीढ़ी को भी समाज की परंपराओं और संस्कारों से जोडऩे का कार्य करें।
सभा में प्रांतीय उपाध्यक्ष मुनेश्वर राजवाड़े, प्रांतीय सचिव सुरेन्द्र कुमार राजवाड़े और प्रांतीय संचालक नरेश राजवाड़े ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि समाज के भीतर उत्पन्न होने वाले विवादों को आपसी संवाद और समझदारी से सुलझाना चाहिए।
उन्होंने समाज के विकास के लिए शिक्षा, जागरूकता और संगठन को सबसे बड़ा आधार बताया। बैठक में सरगुजा जिलाध्यक्ष बालेश्वर राजवाड़े, सूरजपुर जिलाध्यक्ष अरुण कुमार राजवाड़े, सूरजपुर जिला सचिव मुकेश राजवाड़े, कोरिया जिलाध्यक्ष रविशंकर राजवाड़े और कोरिया जिला सचिव अवधेश प्रताप राजवाड़े सहित कई जिलों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की सामाजिक गतिविधियों और समस्याओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में कोरिया जिले के उपाध्यक्ष छत्रपाल राजवाड़े, जिला निरीक्षक रामकुमार राजवाड़े, संचालक ईश्वर राजवाड़े, सह संचालक छत्रपाल राजवाड़े तथा विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्ष और समाज के अनेक वरिष्ठ व युवा प्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
महासभा के दौरान समाज से जुड़े विभिन्न सामाजिक प्रकरणों और मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इन निर्णयों का उद्देश्य समाज में अनुशासन बनाए रखना, पारिवारिक और सामाजिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान करना तथा समाज के लोगों के बीच आपसी सहयोग और भाईचारे को और मजबूत करना बताया गया।
सभा के अंत में समाज की एकता, समरसता और आपसी प्रेम-सौहार्द को और सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया गया। उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि यदि समाज के सभी लोग मिलकर एकजुटता के साथ कार्य करेंगे तो रजवार समाज आने वाले समय में और अधिक मजबूत, संगठित और प्रगतिशील बनकर उभरेगा।
कार्यक्रम के समापन पर समाज के वरिष्ठजनों ने सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया और समाज के विकास के लिए निरंतर ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया।