सूरजपुर

कॉलरी कर्मी के मोबाइल सिम को बंद करा यूपीआई से 2 लाख निकाले
12-Mar-2026 11:18 PM
 कॉलरी कर्मी के मोबाइल सिम को बंद करा यूपीआई से 2 लाख निकाले

साइबर ठगी का नया तरीका

सूरजपुर, 12 मार्च। एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र में कार्यरत  कॉलरी कर्मी के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। अज्ञात ठगों ने मोबाइल सिम बंद कराकर उसके यूपीआई खाते से 1 लाख 93 हजार 993 रुपये निकाल लिए। पीडि़त ने मामले की शिकायत पुलिस से कर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार एसईसीएल बिश्रामपुर के टीए सिविल फिल्टर प्लांट में फोरमैन के पद पर कार्यरत महेश गुप्ता ने बताया कि 10 मार्च की रात करीब 11.54 बजे अचानक उनके मोबाइल का नेटवर्क बंद हो गया। करीब दो मिनट बाद उनके यूपीआई आईडी से अलग-अलग 13 किश्तों में 1,93,993 रुपये निकाल लिए गए।

महेश गुप्ता ने बताया कि नेटवर्क गायब होने के बाद उन्होंने जियो कॉल सेंटर में शिकायत की, जहां उन्हें बताया गया कि उनके द्वारा मोबाइल गुम होने और सिम बंद करने की कॉल आने के बाद सिम लॉक किया गया था। पीडि़त ने ऐसी कोई कॉल करने से इंकार किया, जिसके बाद कुछ समय बाद उनका सिम दोबारा चालू किया गया।

इसके बाद मुंबई से फोन कर उन्हें जानकारी दी गई कि उनके यूपीआई खाते से लगातार राशि निकाली जा रही है, इसलिए सुरक्षा के तहत यूपीआई आईडी लॉक कर दी गई है।

घटना के बाद महेश गुप्ता ने बिश्रामपुर थाना और स्टेट बैंक प्रबंधन को शिकायत देकर साइबर ठगी की जानकारी दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पीडि़त ने बताया कि वे स्वयं लोगों को साइबर ठगी से सतर्क रहने की सलाह देते रहे हैं, लेकिन इस बार वे खुद इसका शिकार हो गए। उन्होंने बताया कि न तो उन्हें कोई संदिग्ध कॉल आया और न ही उन्होंने किसी लिंक पर क्लिक किया, फिर भी मोबाइल सिम बंद कराकर खाते से पैसे निकाल लिए गए।


अन्य पोस्ट