सूरजपुर

बतौली में चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार, नगदी-जेवर बरामद
07-Mar-2026 9:55 PM
बतौली में चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार, नगदी-जेवर बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 17 मार्च। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी सहित चोरी गया जेवर और घटना में प्रयुक्त औजार भी बरामद किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी राजेश गुप्ता, निवासी झरगवां मेनरोड थाना बतौली ने 7 मार्च को थाना बतौली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 6 मार्च की शाम करीब 6 बजे वह अपने घर में ताला लगाकर परिवार सहित बाहर गया था। रात करीब 10 बजे वापस लौटने पर देखा कि घर के सामने लगे चैनल गेट और दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो दो अज्ञात चोर अलमारी तोडक़र नगदी और जेवर निकाल रहे थे।

प्रार्थी ने कमरे को बाहर से बंद कर मदद के लिए लोगों को बुलाने के लिए बाहर गया, इसी दौरान दोनों आरोपी खिडक़ी के रास्ते निकलकर घर के पीछे का दरवाजा तोडक़र फरार हो गए। बाद में जांच करने पर घर से एक जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी बिछिया और नगदी सहित करीब 15 हजार रुपये का सामान चोरी होना पाया गया। मामले में थाना बतौली में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी व एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। डॉग स्क्वाड की मदद से जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिन्होंने अपना नाम विवेक मरावी (21 वर्ष) और मुकेश मरावी (20 वर्ष), दोनों निवासी देवरी डुमरपारा थाना बतौली बताया।

पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से 8 हजार 350 रुपये नगद, एक नग चांदी का पायल और एक जोड़ी बिछिया बरामद की, जिनकी कुल कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई जा रही है। साथ ही घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड और लोहे का डाई भी जप्त किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विवेक सेंगर सहित साइबर सेल और डॉग स्क्वाड की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


अन्य पोस्ट