सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 7 मार्च। जिले की होनहार बेटी निशी केशरी अपनी लगन और प्रतिभा के दम पर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) भिलाई में पीएचडी कर रही हैं। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उनकी यह उपलब्धि जिले की बेटियों के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है।
निशी केशरी ने अपनी स्नातक शिक्षा साईं बाबा आदर्श महाविद्यालय अंबिकापुर से बीएससी (सूक्ष्मजीव विज्ञान) में 75.94 प्रतिशत अंकों के साथ पूरी की। इसके बाद उन्होंने शासकीय रेवती रमण मिश्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय सूरजपुर से एमएससी (रसायन विज्ञान) में 84.29 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की।
पढ़ाई के साथ उन्होंने स्वामी आत्मानंद शासकीय मॉडल स्कूल में अतिथि व्याख्याता (रसायन विज्ञान) के रूप में भी सेवाएं दीं। वर्ष 2018 में अमृतापुरी (केरल) में आयोजित यूथ इंडिया लीडर्स ट्रेनिंग समिट में भाग लेकर नेतृत्व कौशल का प्रमाण पत्र भी प्राप्त किया। वर्ष 2024 में उन्होंने देश की प्रतिष्ठित गेट परीक्षा भी उत्तीर्ण की।
वर्तमान में निशी केशरी आईआईटी भिलाई के रसायन विज्ञान विभाग में पीएचडी कर रही हैं। उनका शोध विषय ऊर्जा भंडारण उपकरणों और विद्युत वाहन प्रौद्योगिकी के लिए लिथियम-आयन तथा सोडियम-आयन बैटरियों के उन्नयन से जुड़ा है, जो देश के हरित ऊर्जा भविष्य के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सूरजपुर के साधारण परिवेश से निकलकर देश के शीर्ष तकनीकी संस्थान तक पहुंचने वाली निशी की यह सफलता इस बात का उदाहरण है कि मेहनत और प्रतिभा के दम पर हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।