सूरजपुर

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संघ ने निकाली रैली, सौंपा मांगपत्र
27-Feb-2026 11:03 PM
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संघ ने निकाली रैली, सौंपा मांगपत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 27 फरवरी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश (अखिल भारतीय आंगनबाड़ी कर्मचारी महासंघ, नई दिल्ली संबद्ध) द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आज जिला मुख्यालयो में रैली निकाल पीएम के नाम कलेक्टर को मांगपत्र सौंपा गया।

जिला मुख्यालय सूरजपुर में निकली रैली जिला मंत्री सालिक राम प्रदेश कोषाध्यक्ष चंदा राजवाड़े की अगुवाई में निकली। रैली में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी के कर्मचारी शामिल हुए। संघ ने इस दौरान विशाल  रैली निकाल नारेबाजी करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के हित में त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

संघ द्वारा सौंपे गए मांगपत्र में प्रमुख रूप से शासकीय कर्मचारी घोषित करने की मांग उठाई गई है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि जिस प्रकार शिक्षा कर्मी और पंचायत कर्मियों को तीन वर्ष की सेवा के बाद नियमित किया गया, उसी तरह आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी शासकीय कर्मचारी का दर्जा दिया जाए।

इसके अलावा संघ ने सेवानिवृत्त होने तक कार्यरत सहायिकाओं को न्यूनतम वेतन देने तथा प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के तहत सुविधाएं लागू करने की मांग की है। वर्तमान में दिए जा रहे 1000 रुपये मानदेय में वृद्धि कर इसे बढ़ाने की भी बात कही गई है।

संघ ने सामाजिक सुरक्षा के तहत कार्यकर्ताओं के लिए मासिक पेंशन, बीमा, सेवानिवृत्ति पर एकमुश्त राशि तथा मेडिकल लाभ प्रदान करने की मांग भी उठाई है।

मांगपत्र में कहा गया है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो भविष्य में उग्र आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी। संघ पदाधिकारियों ने शासन से शीघ्र पहल कर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की समस्याओं का समाधान करने की अपील की है। रैली में जिले से बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट