सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 25 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा द्वारा जरही मंडल के ग्राम मटिगढ़ा एवं केवरा में जी राम जी अधिनियम के संबंध में जनजागरूकता फैलाने हेतु चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसान मोर्चा के सरगुजा संभाग सह प्रभारी प्रवीण यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि देवपाल पैकरा , किसान मोर्चा बिलासपुर प्रभारी लाल संतोष सिंह, किसान मोर्चा जिला महामंत्री लवकेश पैकरा, जिला उपाध्यक्ष अशोक गुप्ता एवं भाजपा मंडल महामंत्री लालसाय सिंह पावले, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष अजीत गुप्ता रिंकू, राकेश शुक्ला, सरपंच सोसर साय सहित बड़ी संख्या में किसान, मजदूर और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
सरगुजा संभाग सह प्रभारी प्रवीण यादव ने चौपाल को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार देश के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व की सरकारों ने लंबे समय तक शासन किया, लेकिन गांव, गरीब और किसानों के जीवन स्तर में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में समग्र विकास हुआ है और किसानों के हित में अनेक योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने बताया कि जी राम जी अधिनियम गांव, गरीब और किसानों को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस योजना के तहत अब केवल मिट्टी कार्य ही नहीं बल्कि भवन निर्माण, सीसी रोड, डेम, तालाब और अन्य स्थायी निर्माण कार्य भी कराए जा सकेंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि देवपाल पैकरा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों और मजदूरों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अब योजना के तहत फर्जी हाजिरी पर रोक लगेगी और वास्तविक श्रमिकों को ही लाभ मिलेगा। साथ ही गांव के लोग स्वयं तय करेंगे कि उनके क्षेत्र में कौन-कौन से विकास कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों से श्रम विभाग में पंजीयन कराकर योजना का लाभ लेने की अपील की।
किसान मोर्चा जिला महामंत्री एवं जिला पंचायत सदस्य लवकेश पैकरा ने कहा कि पहले महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना के तहत सीमित कार्य होते थे, लेकिन अब जी राम जी के माध्यम से कार्यों का दायरा बढ़ा दिया गया है। उन्होंने बताया कि अब ग्रामीणों को 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों का रोजगार सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार योजनाओं को जनहित में लागू करती है और हर वर्ग को इसका लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने ग्राम पंचायत केवरा के चारपारा स्थित तालाब निर्माण कार्य स्थल का निरीक्षण किया और वहां कार्यरत मजदूरों से संवाद कर उन्हें ‘जी राम जी’ योजना की विस्तृत जानकारी दी। अंत में भाजपा मंडल महामंत्री लालसाय सिंह पावले ने सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।


